Sunday 25 December, 2011

आज कैसे हैं अटल बिहारी वाजपेयी



अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर संडे जैकेट तैयार करते हुए एक जिज्ञासा थी कि आज अटल जी कैसे हैं? तो पहले जाने-माने पत्रकार रामबहादुर राय बात हुई और उसके बाद अटल जी के प्रेस सलाहकार रह चुके श्री अशोक टंडन जी से बात हुई। जो जानकारियां मिली हैं, पेश हैं।
- अटल बिहारी वाजपेयी दिल्ली स्थिति अपने सरकारी मकान में रहते हैं। कहीं आते-जाते नहीं हैं। खासकर वर्ष २००९ के आखिर में लकवे के आघात के कारण उनका ज्यादातर समय बिस्तर पर आराम करते बीतता है। उनकी स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन वे काफी कमजोर हो गए हैं। दिन में दो बार उन्हें ब्हील चेयर पर बैठाकर घुमाया जाता है। उनके परिजन व सेवक उनकी सेवा में लगे रहते हैं।
- स्मरण शक्ति कमजोर हो गई है। कोई मिलने आता है, तो अक्सर उन्हें याद दिलाना पड़ता है। करीबियों को अच्छी तरह पहचानते हैं। डॉक्टरों की सलाह भी है कि उन्हें कम ही लोगों व करीबियों से मिलने दिया जाए। उन्हें आज भी पत्र आते हैं, जिसका जवाब उनसे पूछकर उनके सचिव देते हैं। पिछले दिनों उनकी स्मरण शक्ति में कुछ सुधार हुआ है। आज जन्मदिन पर भी कुछ ही लोग उनसे मिल सकेंगे।
- सुनाई भी कुछ कम देता है और आवाज भी भर्राती है। एक वाक्य पूरा बोलने में जोर आता है। कभी हंसी-ठट्ठा और भाषण के शौकीन रहे अटल जी के आसपास शांति पसरी रहती है। वे किताब या अखबार नहीं पढ़ते, केवल टीवी देख लेते हैं। डॉक्टरों की सलाह से रूटीन का जीवन है। संयोग की बात है कि इन दिनों अटल जी के सहयोगी रहे पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस की भी लगभग ऐसी ही स्थिति है।
- पूर्व सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री होने के नाते उन्हें पेंशन मिलती है, जिससे उनका काम चलता है। पद के जोर पर धन-वैभव अर्जित करने के प्रमाण कहीं आस-पास भी नजर नहीं आते हैं।

No comments: