Friday, 5 July 2013

संस्कृत और उसका पड़ोस

एक रिपोर्ट १५-१६ जून को जयपुर में आयाजित दो दिवसीय संगोष्ठी : संस्कृत और उसके पड़ोस का वैभव
नाट्य शास्त्र के रचयिता भरत मुनि के वाक्य - न हि समादृते कश्चिदर्थ: प्रवर्तते (भावार्थ - जिसमें रस नहीं, उसका कोई अर्थ नहीं) का ध्येय जयपुर में आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी में अनेक बार चरितार्थ हुआ। 'संस्कृत और उसका पड़ोसÓ संगोष्ठी में शामिल १०० से ज्यादा संस्कृत विद्वानों, मीडियाकर्मियों, शिक्षाविदों, नाट्यकारों, कलाकारों, उत्तर व दक्षिण भारत के आचार्यों और शिक्षकों ने समग्रता में यही आभास कराया कि संस्कृत में रस भरपूर हैं और इन रसों का प्रचार-प्रसार होना चाहिए। संस्कृत अपनी पड़ोस का मुआयना करे और पड़ोस भी संस्कृत की ओर निहारे, ताकि देश में बढ़ती समस्याओं के समाधान की ओर हमारा समाज बढ़ सके। संगोष्ठी के प्रथम सत्र - उपक्रम सत्र में कर्मकाण्डी संस्कृत बनाम शास्त्रीय संस्कृत विषय पर बोलते हुए ख्यात विद्वान देवर्षि कलानाथ शास्त्री ने कहा, 'संस्कृत में जो बातें हैं, वो कहीं नहीं हैं।... पूरा भारत ही संस्कृत है, भारत से जो बाहर है, वह पड़ोस है।Ó उन्होंने यह भी कहा कि कर्मकाण्ड की सेवा में लगे लोग यदि कर्मकाण्ड का औचित्य शास्त्र द्वारा जान लें, तो चमत्कार हो जाएगा। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी व संस्कृत निष्ठ विद्वान राजेश्वर सिंह ने कर्मकाण्ड को सरलीकृत करने की आवश्यकता पर बल दिया, उन्होंने यह भी कहा कि बिना संस्कृत के भारत की कल्पना नहीं की जा सकती। राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित विद्वान दयानन्द भार्गव के अनुसार, 'कर्मकाण्ड और शास्त्रीय ज्ञान को अलग नहीं किया जाए, ये आत्मा और शरीर हैं।Ó वरिष्ठ पत्रकार आनन्द जोशी ने कहा, 'इस देश में असंख्य लोगों ने कर्मकाण्ड के जरिये ही संस्कृत के शब्द सुने हैं, लेकिन हमें कर्मकाण्ड के मर्म को भी समझना होगा।Ó दूरदर्शन केन्द्र जयपुर की निदेशक-समाचार प्रज्ञा पालीवाल गौड़ ने बताया, 'संस्कृत को आधुनिक प्रौद्योगिकी से जोडऩा होगा और यह सोचना होगा कि हम अपने बच्चों को कितनी संस्कृत दे रहे हैं।Ó इस सत्र में पहला व्याख्यान देते हुए युवा संस्कृत कवि-विद्वान उमेश नेपाल ने कहा, 'कर्मकाण्ड ने ही अखंड भारत को बांध रखा है, नेपाल, भूटान, बांगलादेश और श्रीलंका के कर्मकाण्डी पंडित भी पूजा में अपने यहां गंगा, कावेरी, सिन्धु का ही आह्वान करते हैं।...कर्मकाण्ड विश्वास पर आधारित है और शास्त्रीय संस्कृत विचार पर।Ó संगोष्ठी के द्वितीय सत्र - मध्य सत्र में संस्कृत बनाम हिन्दी के सभाध्यक्ष राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान के कुलपति प्रो. राजावल्लभ त्रिपाठी ने एक रूपक गढ़ा, 'उत्तर भारत में संस्कृत एक विशाल प्रासाद में एक ऐसी पवित्र बुढिय़ा की तरह है, जो जब भी अपने प्रासाद से बाहर निकलती है, अपनी बेटी हिन्दी के कंधे पर हाथ रखकर ही चलती है।Ó ख्यात पत्रकार ओम थानवी ने हिन्दी में संस्कृत से सम्बंधित स्थापनाओं पर जाते हुए पत्रकारिता में शब्दों की मिलावट से उत्पन्न विकृतियों को उदाहरण सहित प्रस्तुत किया। उन्होंने स्वयं को शुद्धिकरण या पवित्रीकरण का नहीं, हिन्दी के सहजीकरण का समर्थक बताया। राजनीति शास्त्र के विद्वान व शिक्षाविद नरेश दाधीच ने दावा किया, 'हिन्दी कभी भी संस्कृत के विरोध में खड़ी नहीं होगी।Ó इस सत्र में प्रोफेसर सरोज कौशल और डॉ. प्रवीण पण्डया ने भी व्याख्यान दिए। संगोष्ठी के दूसरे दिन भारतीय अर्थव्यवस्था : ऋण बनाम दान विषय पर आयोजित उपक्रम सत्र के सभाध्यक्ष विद्वान राजनेता-विधायक राजपाल सिंह शेखावत ने कहा, 'शास्त्र में दान का जो विधान है, उसका क्रियान्वयन यदि हो जाए, तो समाज का कायाकल्प हो जाएगा। जरूरी है कि दान की उदात्तता को समाज स्वीकार करे।Ó जगदगुरु रामानन्दाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रामानुज देवनाथन ने कहा कि भारतीय समाज में दान की महिमा का क्षरण दुखद है, पहले गरीबों को जाकर दान दिया जाता था, उसके बाद बुलाकर दिया जाने लगा, उसके बाद मांगने पर दिया जाने लगा और अब जब कोई गरीब दिखता है, तो लोग मुंह तक फेर लेते हैं। ऋण की तुलना में भारतीय व्यवस्था में दान को ही बढ़ावा दिया गया है और यही उचित है। पत्रकार ज्ञानेश उपाध्याय ने कहा, भारतीय व्यवस्था में शास्त्र के अनुसार दान दिया जाता, तो ऋण की आवश्यकता नहीं पड़ती। ऋण लेकर दुनिया में करोड़ लोग मरे हैं, किन्तु दान लेकर या देकर किसी के मरने की कोई सूचना नहीं मिलती। वद्र्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय के कुलपति व कंप्यूटर विज्ञान के विशेषज्ञ विनय पाठक ने कहा, सूचना प्रौद्योगिकी, बाजार और आज के युवाओं के संदर्भ में ऋण और दान के महत्व को समझने की जरूरत है। इंटरनेट के जरिये भी अब ऋण और दान हो रहा है। दर्शन शास्त्र के विद्वान डॉ. वीरनारायण पाण्डुरंगी ने ऋण और दान, दोनों की आवश्यकता को प्रतिपादित किया। अर्थशास्त्री सुरजीत सिंह के अनुसार, विकास के लिए ऋण का उत्पादक होना आवश्यक है, तो जोधपुर से पधारे दर्शन शास्त्र के विद्वान डॉ. चन्द्रशेखर ने दान पर जोर देने के साथ ही आग्रह किया कि हम संस्कृत के शिक्षकों-प्रोफेसरों को भी सोचना चाहिए कि हम कितने उत्पादक हैं, हम समाज को क्या दे रहे हैं। संगोष्ठी के समापन सत्र-उत्तर सत्र में संस्कृत में मनोरंजन : नीरस बनाम सरस पर चर्चा हुई। सभाध्यक्ष ख्यात संस्कृत समाचार वाचक-विद्वान बलदेवान्द सागर ने संस्कृत चिंतकों के बढ़ते दायित्व की चर्चा की, उनका निवदेन था कि हम निंदा-स्तुति से परे जाकर भावी पीढ़ी को संस्कृत की सरसता का आस्वाद कराएं। राजस्थान विश्वविद्यालय में नाट्य शास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. अर्चना श्रीवास्तव ने नाट्यकला में संस्कृत की महिमा का गुणगान करते हुए बताया कि दुनिया स्टेनिसलेवेस्की को अभिनय का गुरु मानती है, किन्तु वास्तव में अभिनय के सबसे महान आदि गुरु तो भरत मुनि हैं, जो इसी भारत वर्ष में जन्मे थे, हम जो लोग भरत मुनि, कालिदास, भवभूति, भास, दंडी आदि को भूल गए हैं, हमें यह जरूर देखना चाहिए कि हम आज कहां खड़े हैं। नाट्यकला को सम्पूर्णता में समझने के लिए संस्कृत का ज्ञान आवश्यक है, इसके बिना कलाओं के मूल मर्म को नहीं समझा जा सकता। कलाविद् डॉ. राजेश कुमार व्यास ने उद्बोधन दिया कि भारतीय संस्कृति में मनोरंजन को संस्कृत ने ही आधार प्रदान किया। तमाम कलाएं भरत मुनि के नाट्य शास्त्र से ही निकलती रहीं और आधुनिकता की ओर बढ़ी हैं। संस्कृत ने कलाओं को भौंडेपन की बजाय सरसता प्रदान की है। आज भी नृत्य, नृत्य नाटिकाओं और चित्रकला का आधार संस्कृत ही है। संस्कृति-निष्ठ छायाकार हिमांशु व्यास ने सूक्ष्मता में जाने पर बल देेते हुए बताया कि हमें रस व मनोरंजन के अर्थ व महत्व को समझना होगा। संस्कृत विद्वान डॉ. उमाकांत चतुर्वेदी ने संस्कृत की सरसता पर विस्तार से प्रकाश डाला, तो संस्कृत विद्वान डॉ. ओमप्रकाश पारीक ने आग्रह किया कि हमें संस्कृत की पढ़ाई को सरस बनाना चाहिए, ताकि इसका आकर्षण बढ़े।
श्रीरामानन्द आध्यात्मिक सेवा समिति ने राजस्थान संस्कृत अकादमी की सहायता से वानिकी प्रशिक्षण संस्थान के परिसर में इस सफल संगोष्ठी का आयोजन किया। संगोष्ठी के समन्वयक संस्कृत विद्वान शास्त्री कोसलेन्द्रदास ने संगोष्ठी केसत्रों में विषय प्रस्तावना के साथ ही सफल संचालन भी किया। इस आयोजन में भारतीय परंंपराओं के साथ-साथ आधुनिकता का भी भरपूर समावेश था। संगोष्ठी में नृत्य नाटिका के साथ ही संस्कृत फिल्म का भी प्रदर्शन हुआ, जिसे बहुत सराहना मिली। चारों सत्रों में श्रोताओं की अत्यधिक उपस्थिति स्वयं संस्कृत समाज को भी अचंभित और उत्साहित करती रही। यह संगोष्ठी भारतीय भाषाओं और उसके विद्वानों के लगाव और नई रोशनी में उन्नति के लिए परस्पर मिलन की बेचैनी का भी निरंतर आभास कराती रही।

पहली बार ऐसा अवसर आया जब मेरे पिता श्री बंशीधर उपाध्याय मेरी सेमिनार में शामिल होने आए, उन्होने मेरा व्याख्यान सुना, मैंने मुख्य अतिथियों के साथ-साथ पिता को भी प्रणाम करते हुए, आभार जताते हुए बोलना शुरू किया, पिता दिन भर सेमिनार में रहे. यह संयोग ही था कि इस दिन 16 जून को फादर्स डे भी था. इस चित्र में बीच में मेरे पिता विराजमान हैं. पिता के बायी ओर मैं और कुलपति श्री रामानुज देवनाथन जी दिख रहें है और दायी ओर अनुज-मित्र शास्त्री कोसलेंद्रदास जी.

Sunday, 30 June 2013

आपको हुई असुविधा के लिए खेद है

रेल विकास के बारे में पूरी ईमानदारी से कम ही सोचा जाता है. लगता है, रेल नैतिक दबावों से भी परे है, सामंतशाही चल रही है. यात्रियों की चिंता कम से कम है. बार बार हमे खेद है - हमे खेद है बोलकर रेलवे काम चला लेता है. अब रेलवे ने अपने यात्रियों से धन दोहन के लिए एक नया कदम उठाया है, टिकट रद्दीकरण के 15 साल पुराने नियम को बदल दिया गया है। रेलवे का यह निर्णय जब 1 जुलाई को लागू हो जाएगा, तब दलालों पर पता नहीं कितना अंकुश लग सकेगा, प्रतीक्षा सूची में शामिल यात्रियों को पता नहीं कितनी राहत मिल पाएगी, लेकिन आखिरी समय में यात्रा रद्द करने वाले यात्रियों को बड़ा नुकसान होगा। यात्रा से 48 घंटे पहले टिकट रद्द करवा लिया, तो ठीक, वरना 25 से 50 प्रतिशत तक किराया राशि रेलवे काट लेगा। इसके अलावा यदि ट्रेन की रवानगी के 2 घंटे बाद आप रिफंड लेने जाएंगे, तो आपको एक भी पैसा नहीं मिलेगा। बड़ी बात यह है कि रेलवे को पहले वाली व्यवस्था में भी फायदा था व अब वाली व्यवस्था में तो और भी फायदा होगा। यह बात सब जानते हैं कि रेल टिकट की दलाली की व्यवस्था धड़ल्ले से चल रही है, रेलवे जो कदम दलालों को रोकने के लिए उठाता है, उसका खमियाजा सारे यात्रियों को भुगतना पड़ता है। क्या यह न्यायपूर्ण है, यहां सजा केवल अपराघियों को नहीं मिल रही है, सजा ऎसे निर्दोष लोग भी भुगतेंगे, जो किसी न किसी मजबूरी की वजह से अपनी यात्रा रद्द करेंगे। रेलवे का क्या है, रेलवे तो लोगों की मजबूरी से भी कमाई करने वाला विभाग है। एक बड़ा सवाल यह भी है कि आख़िर रेलवे को दलालों या एजेंटों की जरूरत क्यों है? आमतौर पर जिस कंपनी का माल नहीं बिकता वह एजेंट रखती है रेलवे के साथ तो ऐसा नहीं है, उसे तो खूब कमाई होती है. लोग उसकी सेवा के लिए इंतज़ार करते हैं रेलवे विभाग तो पैसे लेने के बावजूद सबको खुश नहीं कर पाता है, कभी रेलवे के पास कम काउंटर थे, लेकिन अब जब एसएमएस के जरिये भी टिकट बनने लगेगा तो एजेंटों की जरूरत क्यों रहेगी ? एजेंट सिस्टम बंद होना चाहिए ? रेलवे और यात्रियों के बीच करोड़ों रुपये इधर-उधर हो रहे हैं इसकी जरूरत क्यों है? किसको है? ई टिकट, एसएमएस टिकट के दौर में क्या यात्रियों को एजेंट चाहिए ? क्या सरकार ने इसका अध्ययन करवाया है ? प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों के बारे में तो रेलवे ने कभी सोचा भी नहीं है, अगर कुछ फैसला किया, तो उसे शायद ही कभी लागू किया। ऎसा कदापि नहीं है कि आखिरी समय में टिकट के रद्द होने से रेलों में सीटें खाली रह जाती हैं, प्रतीक्षा सूची में सैकड़ों लोग होते हैं, साधारण प्रतीक्षा सूची के साथ ही तत्काल की प्रतीक्षा सूची भी होती है। खराब, लेटलतीफ रेल सेवाओं की वजह से यात्रियों को कई नुकसान झेलने पड़ते हैं, लेकिन इन यात्रियों के बारे में रेलवे कितना सोचता है? यात्री हैं, उनका क्या, सैकड़ों यात्री रोज निराश होंगे, तो हजारों नए आएंगे। रेलवे तो इस देश में यात्रा करने वालों के लिए मजबूरी है। यह दुख की बात है, ऎसा किसी व्यवसाय में नहीं होता, जैसा रेलवे में होता है। आज रेलवे बिना सेवा के भी पैसे वसूल लेने वाला विभाग बन गया है। आप थोड़ा सोच कर देखिये अगर कार बेचने वाली कंपनियाँ भी यही करें तो क्या होगा, आप ने दो महीने पहले एक कार बुक कराई, कार लेने से एक दिन पहले बुकिंग रद्द करा दी, तो क्या आप चाहेंगे कि कार कंपनी आप से 25 या 50 प्रतिशत कीमत वसूल ले, यह कहकर कि आपने बुकिंग रद्द करा दी इसलिए पैसे दिजिये. एक और बात, व्यवसाय की दुनिया में जमाखोरी और कालाबाजारी प्रतिबंघित है, लेकिन रेलवे में मंजूर है! गौर कीजिए, तत्काल के तहत रेलवे कुछ टिकट जमा करके रखता है और जरूरतमंद लोगों को अंत समय में ब्लैक में बेचता है, क्या यह अनैतिक नहीं है ? एक जरूरी सेवा के साथ ऎसे मजाक और धूर्तता के निदान के बारे में यात्रियों को भी सोचना चाहिए और रेलवे को भी।

Saturday, 22 June 2013

यात्रा भीतर यात्रा

जनसत्ता 28 अप्रैल, 2013: यात्रा कहां से शुरू होती है, शायद कोई नहीं जानता। कभी अंदर से शुरू होती है, तो कभी बाहर से। अनेक अखबारों-पत्रिकाओं में लिख कर अपने यात्रा संस्मरणों को संजोते रहे राजेश कुमार व्यास के ताजा यात्रा वृत्तांत संग्रह ‘कश्मीर से कन्याकुमारी’ में यह एक बड़ी खूबी है कि वे कभी यात्रा अपने अंदर से शुरू करते हैं और फिर बाहर की ओर बढ़ते हैं और कभी वे बाहर घूमते-घूमते अंदर उतरने लगते हैं। कभी गद्य में तो कभी पद्य में। वे इतने प्रेम के साथ यात्राएं करते हैं कि उनकी आंखों से देखे गए स्थल निखर आते हैं। उन्हें पाठक अपनी आंखों से देखने लगता है। हर बार एक नई जगह के भाव, दृश्य, संगीत और स्वर। वे चौंकाते भी बहुत हैं, किताब के शीर्षक ‘कश्मीर से कन्याकुमारी’ से लगता है कि वे पहले कश्मीर ले जाएंगे, लेकिन वे कन्याकुमारी से ही शुरू और अंत कश्मीर पर करते हैं। पुस्तक के पुरोवाक में व्यास लिखते हैं, ‘चरन् वै मधु विन्दति’, यानी जो चलता है, उसी को जीवन का अमृत-मधु प्राप्त होता है। इस पुस्तक में दर्ज उनकी चौदह यात्राएं यह अहसास निरंतर कराती हैं कि राजेश जी घुमक्कड़ी का मधु छक रहे हैं। पूरे आनंद के साथ वे यात्रा करते हैं। यह आनंद और यात्रा का प्रेम केवल देखी जा रही जगह के प्रति नहीं है, बल्कि उनके साथ जो भी है, उसे वे पूरे लगाव के साथ लिए चलते हैं। उनकी गठरी में अपनापा है, वे जहां जाते हैं, उन्हें उस जगह से प्यार हो जाता है। यही नहीं, एक बड़ी खूबसूरत बात यह है कि उनके सभी यात्रा वृत्तांत उस जगह से बिछुड़ने का दर्द भी बयान करते हैं। उन्हें वह जगह घेर कर पकड़ती है, वे पकड़े जाते हैं और फिर एक तरह से घिसटते हुए-से, वहां दिल छोड़ते हुए-से लौटते हैं, यह सोचते हुए कि फिर लौटूंगा। उनका लौटना कविता में बदल जाता है, रोहतांग दर्रे के पास से लौटते हुए वे लिखते हैं : बर्फ का रेगिस्तान धीरे-धीरे खाली हो रहा है। ठीक इसी तरह जब वे जैसलमेर से लौटते हैं, तो लिखते हैं: ‘रेत, रेत और रेत। बीच में खिला गुलाब। कल्पना नहीं हकीकत। मन में विचार आता है, आखिर कब तक?’ सिक्किम से बिछुड़ने का दर्द देखिए: ‘शहर की भागमभाग से दूर प्रकृति की गोद से बिछुड़ने का मन नहीं है, पर लौटना तो है ही।’ कोणार्क से जब वे लौटते हैं, तो साफ-साफ लिख देते हैं, ‘कोणार्क से बिछुड़ना आसान नहीं है।’ कन्याकुमारी से लौटते हुए वे लिखते हैं: ‘है न अद्भुत!... हमने भी अनुभूत किया। सुबह सूरज को निकलते देखा और अब सूरज को अस्त होते... सागर से विदा लेते भी देख लिया। सागर की लहरें सूर्य को विदा दे रही हैं... हमें भी।’ घुमक्कड़ व्यास पांडिचेरी से लौट रहे हैं: ‘सुकून और शांति का यह अहसास जाने कब फिर से यहां लाएगा... भविष्य को भला किसने पढ़ा है... पांडिचेरी अलविदा।’ और जब वे कश्मीर से लौट रहे हैं, तो लिखते हैं: ‘भगवान धरती के हमारे स्वर्ग को भी बचाए! फिर से कब बहेगी धरती के स्वर्ग में अमन और चैन की हवा! कब उगेगा कश्मीर में नया सूर्य!...’ तमाम जगहों से लौटते हुए राजेश व्यास भावुक कर देते हैं, प्रार्थना और प्रेम के भाव से भर देते हैं, किसी किशोर की तरह नॉस्टेलजिक-से हो जाते हैं। उनकी यात्राओं का अपनत्व जादुई असर छोड़ता है। उनकी यात्राएं लौकिक से अलौकिक होती चली जाती हैं। उनकी आस्था, उनके भले होने का अहसास उनके यात्रा संस्मरणों में होता है। दुनिया में ऐसे अनेक यात्रा वृत्तांत मिलते हैं, जिनमें यात्रा करने वाला अपनी बदमाशियों-चालाकियों का भी जिक्र कर डालता है, लेकिन राजेश जी अपनी इन यात्राओं में इतने प्रेम विभोर रहते हैं कि उनसे ऐसी चालाकी की उम्मीद कोई नहीं कर सकता। यात्रा वृत्तांत वही अच्छा लिख सकता है, जो अच्छा देखता हो। अच्छा देखना केवल वर्तमान को अच्छा देखना नहीं है। समग्रता में अच्छा देखने में अतीत, वर्तमान और भविष्य, तीनों को देखना शामिल है। इस लिहाज से राजेश कुमार व्यास किसी भी जगह पर जाते हैं, तो उस जगह का अतीत, वर्तमान और भविष्य भी देखने की कोशिश करते हैं। वे केवल वर्तमान में समय बर्बाद नहीं करते, वे आगे बढ़ते हैं, वे उस जगह की बेहतरी के बारे में अपने विचार रखते हैं। खासकर कश्मीर यात्रा का वृत्तांत तो सवालों से भरा हुआ है, केवल सवाल हावी नहीं हैं, सवालों के उत्तर जानने की कोशिश और आग्रह भी बार-बार उभरता है। कब उगेगा कश्मीर में नया सूर्य? यहां यात्रा वृत्तांत केवल ट्रेवल बुक की तरह नहीं है, जहां केवल सूचनाएं हों कि कहां क्या मिलेगा और कहां कैसे जाएं, कैसे रहें, यहां तो यात्रा वृत्तांत अपने देश को अपनी मिट्टी को जानने की कोशिश है। केरल, कोणार्क, सरिस्का, बदरीनाथ, चंबा, रोहतांग दर्रा, सिक्किम, रामटेक, वैशाली जैसी महत्त्वपूर्ण जगहों की यात्रा के विवरण यादगार बन पड़े हैं। व्यास के यात्रा वृत्तांत गहरी व्यापक संभावनाएं पैदा करते हैं। वे सोचने पर विवश करते हैं। वे इंतजार का भाव पैदा करते हैं। वे यात्रा के लिए प्रेरित करते हैं। उनके वृत्तांतों में अनेक कहानियों और उपन्यास के प्लॉट बिखरे नजर आते हैं। वे यात्रा स्थलों की समस्याओं को भी बखूबी उठाते हैं। उदाहरण के लिए, उन्होंने जैसलमेर के सोनार किले के दर्द को बेहतरीन बयान किया है, वे लिखते हैं: ‘मुझे किले की ढलान से नीचे उतरते जैसे किले का रुदन सुनाई देने लगा है।’ वास्तव में किले का यह रुदन लोगों का ध्यान इस ओर आकर्षित करने के लिए है कि किले की बिगड़ती अवस्था को ठीक किया जाए। इस विश्व धरोहर की रक्षा की जाए। उनकी कुछ यात्राएं तो बहुत रोमांच पैदा कर देती हैं, खासकर ‘बाघिन मुक्ति की राह पर’। एक वन से ले जाकर बाघिन को दूसरे वन में छोड़ा जाता है, राजेश व्यास भी छोड़ने वालों की टीम के साथ हैं। यह एक तरह से यात्रा भी है और कथा भी, पाठकों को बड़ा आनंद देता यह यात्रा वृत्तांत खास बन पड़ा है। एक और खास बात, हवाई यात्राओं का भी उन्होंने अच्छा ब्योरा दिया है। उड़ते हवाई जहाज की खिड़की से आकाश कैसा दिखता है, मेघ, सूर्य की किरणें क्या जादू पैदा करती हैं, यह सब खास है। मेघों से घिर कर झटके खाते विमान में होने के अनुभव का भी उन्होंने अच्छा जिक्र किया है। यह यात्रा वृत्तांत बहुत पठनीय और प्रेरक है। इसकी भाषा और शैली अत्यंत रोचक और आकर्षक है। यात्रा कैसे की जाती है, उसका संस्कार भी यह पुस्तक देती है। पर्यटकों, यायावरों के लिए ही नहीं, बल्कि आम लोगों के लिए भी यह पुस्तक उपयोगी है। कश्मीर से कन्याकुमारी: राजेश कुमार व्यास; नेशनल बुक ट्रस्ट, नेहरू भवन, 5 इंस्टीट्यूशनल एरिया, फेज-2, वसंत कुंज, नई दिल्ली; 90 रुपए।

Friday, 21 June 2013

जान लेबs का हो

बिहारी राजनीति को ज्यादा महत्व देते हैं, क्या यह बात फिर साबित नहीं हुई है? बिहार को क्या अपना फायदा नहीं देखना चाहिए था? एक पिछड़ा हुआ प्रदेश, जहां बिजली, सडक़, पानी इत्यादि कोई भी मूलभूत व्यवस्था सही नहीं है, वहां के लोग जब राजनीति करते दिखते हैं, तो दुख ही होते हैं। बिहार के पुराने नेताओं ने भी यही किया, सारा प्यार दूसरे प्रदेशों पर उड़ेलते रहे। देश को पहले देखने की यही अदा बिहारियों पर भारी पड़ी, बिहारी राजनेताओं की समझ अभी भी नहीं खुली है। पंजाब, महाराष्ट्र या दक्षिण के राज्यों से बिहार ने कुछ नहीं सीखा है, इसलिए ये राज्य प्रगति करते गए हैं और बिहार वर्षों तक पिछड़ता चला गया है। बिहार तो इस देश के लिए सस्ते और मेहनती श्रमिक पैदा करने का कारखाना है। बिहार विकास के लिए रो रहा है, लेकिन यहां के नेता सिर्फ राजनीति में जुटे हैं। बिहार की माटी बार-बार आह्वान कर रही है, रहम करो, विकास करो, राजनीति छोड़ो, लेकिन बिहार के नेता तो मानों राजनीति के ठेकेदार हैं। नीतीश कुमार ने नरेन्द्र मोदी को रोकने को अपना परम कत्र्तव्य बना लिया। दूसरे किसी राज्य में किसी नेता ने मोदी के खिलाफ वैसे तेवर नहीं दिखाए, जैसे नीतीश ने दिखाए। नरेन्द्र मोदी का देश के सभी राज्यों में स्वागत है, लेकिन बिहार की सरकार उनका स्वागत करने को तैयार नहीं, शिष्टाचार का भी आभास नहीं है, क्यों? क्योंकि राजनीति करनी है, राजनीति बड़ी चीज है, बिहार तो बस बिसात है, जिस पर राजनीति के मोहरे चले जाएंगे। कभी लालू के हाथ में बाजी होगी, कभी नीतीश कुमार के हाथ में, बिहार तो हर हाल में हारेगा-लुटेगा। बिहारी जब बिहार लौटकर जाते हैं, तो सुविधाओं का अभाव देखकर दिल रोता है। हिन्दू भी रोते होंगे और मुसलमान भी। न अंधेर नगरी कहीं जा रही है और न राजा चौपट होने से बच रहा है। कथित सेकुलरिटी की झूठी आफत गले पड़ी हुई है, लोग शायद अंधेरे में रहकर सेकुलरिटी को बचाना चाहते हैं। अगर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, अगर कानून और थाने सक्षम हों और ठीक से काम करें, तो सेकुलरिटी का प्रदर्शन करने की कोई जरूरत नहीं। विकास का लाभ मुसलमानों को भी मिलेगा और हिन्दुओं को भी। भाजपा ने कभी सेकुलरिटी का दावा नहीं किया, उसका जोर विकास पर है, कुछ राज्यों में उसने अच्छा काम किया है। दूसरी ओर, कांग्रेस सबसे सेकुलर पार्टी कहलाती है, उसी के राज्य में सत्येन्द्र नारायण सिन्हा मुख्यमंत्री थे, बिहार के भागलपुर में दंगा हुआ था। सैंकड़ों लोग मरे थे। कांग्रेस से लोगों ने मुंह फेर लिया, लालू को सत्ता हासिल हुई, तब नीतीश कुमार भी लालू के साथ थे, लालू-राबड़ी जब तक रहे, भागलपुर दंगा पीडि़तों को पूरा न्याय नहीं मिला। फिर भी लालू टोपी लगाकर अल्पसंख्यक हितैषी होने का ढोंग रचते हैं, लेकिन कौन मुस्लिम हैं, जो ताली बजाते हैं। लालू सबसे सेकुलर नेता थे, उन्होंने आडवाणी के रथ को बिहार में रोक दिया था, नीतीश कुमार भी सेकुलर नेता हैं, उन्होंने मोदी के रथ के राह पर निकलने से पहले ही अपने दरवाजे बंद कर दिए हैं। क्यों? क्योंकि बिहार ने सेकुलरिटी का ठेका ले रखा है? उधर, देखिए, जो असम कुछ दिनों पहले सांप्रदायिक दंगे की आग में जल रहा था, वहां से राज्यसभा सांसद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह नीतीश कुमार को धर्मनिरपेक्ष बता रहे हैं, और नीतीश कुमार फुल के कुप्पा हो गए हैं। लेकिन क्या उनके फुल के कुप्पा होने से मुसलमानों का पेट भर जाएगा? क्या कथित उदारवादी हिन्दुओं को विकास नहीं चाहिए? हम झूठी सेकुलरिटी को कब तक बचाते रहेंगे, और क्यों बचाते रहेंगे? बिहारी अपना हित क्यों नहीं देख रहे हैं, सेकुलरिटी राजनीति के पेड़ पर लगने वाला कोई फल नहीं है, सेकुलरिटी तभी फलेगी-फुलेगी, जब विकास होगा। विकास होगा, रोजगार होगा, तो अमन-चैन अपने आप आएगा, और तब जो दंगाई होंगे, उन्हें भीड़ से छांटकर अलग करना ज्यादा आसान हो जाएगा, अपने विकास के प्रति सजग लोग हिंसा की निरर्थकता को समझेंगे। लालू और नीतीश ही क्यों, आप रामविलास पासवान को देख लीजिए, जो ओसामा बिन लादेन के हमशक्ल को साथ लेकर वोट मांगने निकलते थे, क्या यही सेकुलरिटी है? धिक्कार है ऐसे बिहारी नेताओं पर जो राजनीति का संकीर्ण आकलन करते हैं, बिहार का हित नहीं देखते। जब लालू के पास सत्ता थी, तो केन्द्र में विरोधी पार्टी की सरकार थी। जब नीतीश के पास सत्ता आई, तो केन्द्र में विरोधी पार्टी की सरकार थी, अगर मान लीजिए, केन्द्र में नरेन्द्र मोदी आ गए, तो उस बिहार के साथ क्या होगा, जहां की सरकार नरेन्द्र मोदी को अपने राज्य में घुसने से रोकना चाहती है? बिहार के मुखिया मोदी के साथ गलत कर रहे हैं, शिष्टाचार तक भुला चुके हैं, क्या उनके पास आंकड़े हैं कि गुजरात से कितने बिहारियों की रोजी-रोटी चल रही है? बिहार वही गलती कर रहा है, जो पश्चिम बंगाल और उड़ीसा कर रहे हैं, विडंबना देखिए, तीनों ही राज्य पिछड़े हैं, लेकिन शायद यहां के नेता सेकुलरिटी की गारंटी देना चाहते हैं, क्योंकि यह गारंटी आसान है। मुश्किल तो विकास की गारंटी में है, जो कोई नहीं देता।

सबका फिर आभार

...

आप पाठकों और प्रिय जनों की कृपा से मेरी किताब पिछले वित्त वर्ष में राजस्थान हिंदी ग्रंथ अकादमी द्वारा प्रकाशित मीडिया किताबों में सबसे ज्यादा बिकी है, इसके लिये बहुत आभार. काम की अधिकता के कारण मैं इस किताब को उतना समय नहीं दे सका, जितना मुझे देना चाहिए था. इसका मुझे बहुत अफसोस रहेगा. तीन साल बाद इस किताब को फिर लिखने का इरादा है. इस किताब के लिए मैं तीर चार प्रिय गुरुजनों को फिर याद करना चाहूँगा श्री रामशरण जोशी, श्री रामबहादुर राय, श्री शशि शेखर... इस किताब को लेकर एक दुःख यह भी है जिसे मैं छिपा नहीं पाता हूँ, मुझे लगता है कि इस किताब ने बहुतों को मेरा विरोधी भी बना दिया, इसमें से कुछ लोग किताब के लोकार्पण में भी शामिल थे, जो किताब के लोकार्पण में नहीं आ पाये थे, और जिन्होंने मेरा कभी समर्थन नहीं किया, उनसे मुझे कोई शिकायत नहीं, भगवान ने मुझे इतना शक्तिशाली बनाया है कि मुझे कभी बैसाखियों की जरूरत नहीं पड़ी. कुछ मित्र रहे जिन्होंने मेरा भरपूर साथ दिया, और कुछ मुझसे सीखने वाले भी मेरी ताकत बने. मेरी किताब बार बार यही कहती है कि जो अपने दम पर खड़ा होता है. दरअसल वही टिकता है. निंदा, आलोचना, पीठ पीछे से प्रहार इत्यादि आपको सचेत और तैयार रखते हैं, अंततः मज़बूत बनाते हैं. अगर आपमें योग्यता है तो फिर डर कैसा? जोड़-तोड़ से हासिल सम्मान जूठा और झूठा होता है. अपने काम का डंका पीटना जरूरी नहीं, यह कला हर किसी में नहीं होती. ईमानदारी से काम करते जाइये, जिन्हे आपका काम नहीं दिखता, उन्हें तो बस माफ ही किया जा सकता है. जीवन दूसरों की निंदा और दूसरों को नीचा दिखाने और दूसरों की लकीर मिटाने के लिए नहीं, ख़ुद को सशक्त बनाने और अपनी लकीर लंबी करने के लिए मिला है. तो आइये वही करें.

Thursday, 6 June 2013

भारत रत्न डॉ. पांडुरंग वामन काणे

भारत रत्न विद्वान डॉ. पांडुरंग वामन काणे की जितनी प्रशंसा की जाए, कम होगी। आधुनिक भारत में आप जैसे प्रकाण्ड विद्वान गिने-चुने ही हुए हैं। भारतीय ज्ञान कोश को समृद्ध करने में इनका योगदान अतुलनीय है। पांडुरंग जी के महत्व को समझने के लिए हमें आजादी के पहले के उथल-पुथल भरे व बिखरे हुए अभावग्रस्त भारत को याद कर लेना चाहिए। अनेक गांवों, शहरों, आश्रमों में ज्ञान के स्रोत व ग्रंथ बिखरे हुए थे, कुछ ही पुस्तकालय ऐसे थे, जहां गं्रथों की मौजूदगी ठीकठाक थी। भारतीय धर्मशास्त्र के समग्र अध्ययन में बहुत समस्या होती थी, यह जानना मुश्किल था कि किस धर्मशास्त्र या ग्रंथ की रचना कब हुई, किसने रचना की, क्यों रचना की और उसका प्रभाव क्या था, उसका सामाजिक संदर्भ क्या था, इन तमाम प्रश्नों के उत्तर खोजने की जैसी कोशिश डॉ. पांडुरंग ने की, वैसी कोशिश भारतीय ज्ञान जगत में दुर्लभ है। महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले में ७ मई १८८० को जन्मे पांडुरंग जी ने भी नहीं सोचा था कि वे भारतीय धर्मशास्त्र का इतिहास लिख डालेंगे। वे तो एक दूसरे ग्रंथ व्यवहारमयूख की रचना में लगे थे और उस ग्रंथ को रचने के उपरांत उनके मन में यह ध्यान आया कि पुस्तक का एक प्राक्कथन या परिचय लिखा जाए, ताकि पाठकों को धर्मशास्त्र के इतिहास की संक्षिप्त जानकारी हो जाए। धर्मशास्त्र की संक्षिप्त जानकारी देने के प्रयास में पांडुरंग जी एक ग्रंथ से दूसरे ग्रंथ, एक खोज से दूसरी खोज, एक सूचना से दूसरी सूचना तक बढ़ते चले गए, पृष्ठ दर पृष्ठ लिखते चले गए। एक नया विशाल ग्रंथ तैयार होने लगा। भारतीय ज्ञान के इतिहास में एक बड़ा काम हुआ। जब धर्मशास्त्र का इतिहास का पहला खंड १९३० में प्रकाशित हुआ, केवल भारतीय ज्ञान की दुनिया में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया भर में ज्ञान की नई हलचल मच गई। उनके ऐतिहासिक लेखन को हाथों हाथ लिया गया। धर्मशास्त्र का इतिहास ग्रंथ के प्राक्क्थन में पांडुरंग जी ने स्वयं लिखा है, 'व्यवहारमयूख के संस्करण के लिए सामग्री संकलित करते समय मेरे ध्यान में आया कि जिस प्रकार मैंने साहित्यदर्पण के संस्करण में प्राक्कथन के रूप में अलंकार साहित्य का इतिहास, नामक एक प्रकरण लिखा है, उसी पद्धति पर व्यवहारमयूख में भी एक प्रकरण संलग्न कर दूं, जो निश्चय ही धर्मशास्त्र के भारतीय छात्रों के लिए पूर्ण लाभप्रद होगा। इस दृष्टि से जैसे-जैसे धर्मशास्त्र का अध्ययन करता गया, मुझे ऐसा दीख पड़ा कि सामग्री अत्यंत विस्तृत एवं विशिष्ट है, उसे एक संक्षिप्त परिचय में आबद्ध करने से उसका उचित निरूपण न हो सकेगा। साथ ही उसकी प्रचुरता के समुचित परिज्ञान, सामाजिक मान्यताओं के अध्ययन, तुलनात्मक विधि शास्त्र तथा अन्य विविध शास्त्रों के लिए उसकी जो महत्ता है, उसका भी अपेक्षित प्रतिपादन न हो सकेगा। निदान, मैंने यह निश्चय किया कि स्वतंत्र रूप से धर्मशास्त्र का एक इतिहास ही लिपिबद्ध करूं।Ó आज धर्मशास्त्र का इतिहास एक ऐसी अनमोल थाती है कि जिसमें वैदिक काल से आधुनिक काल तक के न केवल धर्म ग्रंथ बल्कि तमाम विधि-विधान, सामाजिक रीति रिवाज का भी पर्याप्त विवरण है। पांडुरंग जी ने वही किया, जो एक विद्वान को करना चाहिए। जो सीखा है, जो पढ़ा है, जो अनुभव किया है, उसे दूसरों तक पहुंचाने का काम विद्वान करते हैं। वे एक युग से दूसरे युग के बीच अपने ज्ञान से सेतु का निर्माण करते हैं। वे बीती हुई पीढिय़ों का ज्ञान वर्तमान और भविष्य की पीढिय़ों तक पहुंचाने के लिए ज्ञान ग्रंथ के सेतु निर्मित करते हैं। पांडुरंग जी के बारे में निस्संदेह यह कहना चाहिए कि ज्ञान का जैसा भव्य व विशाल पुल या सेतु उन्होंने बनाया, वैसा अन्यत्र कहीं नहीं मिलता। आज का दौर ऐसा दौर है, जहां विद्वान अपने ज्ञान को बांटने से हिचकने लगे हैं, लेकिन पांडुरंग जी उस ऋषि परंपरा के विद्वान थे, जिन्होंने खुले मन से अपने ज्ञान के भंडार को पूरी दुनिया के लिए लुटाया। उन्होंने पहले धर्मशास्त्र का इतिहास अंग्रेजी में लिखा और उसके बाद संस्कृत व मराठी में। धर्मशास्त्र के इतिहास के एक के बाद एक पांच खंड प्रकाशित हुए, १९६२ में पांचवां खंड आया। यह काम इतना अद्भुत, उपयोगी और अतुलनीय था कि भारत सरकार भी इसकी अनदेखी नहीं कर सकी। वर्ष १९६३ में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से विभूषित किया गया। बेहिचक यह कहना चाहिए कि पांडुरंग जी आज तक अकेले ऐसे भारत रत्न हैं, जो भारतीय शास्त्र व संस्कृत को समर्पित रहे। आज कई मोर्चों पर जब संस्कृत को लगातार उपेक्षा का शिकार होना पड़ रहा है, तब पांडुरंग रंग जी को याद करना और याद रखना बहुत जरूरी है। १९३० में जब वे पचास वर्ष की आयु के थे, तब धर्मशास्त्र का इतिहास का पहला खंड आया था और जब अंतिम खंड आया, तब वे ८२ वर्ष केे। एक तरह से उन्होंने पूरा जीवन धर्मशास्त्र को समर्पित कर दिया। लगभग ६५०० पृष्ठों के इस ऐतिहासिक ग्रंथ के अलावा भी उनके अनेक गं्रथ प्रकाशित हुए। उन्हें केन्द्र सरकार ने राज्यसभा का सदस्य भी मनोनीत किया था। उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार के अलावा भी अनेक पुरस्कार प्राप्त हुए। उनके नाम पर आज अनेक संस्थाएं काम कर रही हैं। उन्हें महामहोउपाध्याय होने का सम्मान मिला था, वे महान गुरुओं के बीच भी महान गुरु थे। उनकी पुस्तकों के बिना आज कोई भी पुस्तकालय पूरा नहीं हो सकता। आज उनके नाम से पुरस्कार बंटते हैं। उनके द्वारा रचा गया ज्ञान कोश अंग्रेजी, संस्कृत और मराठी भाषा में १५,००० से ज्यादा पृष्ठों पर उपलब्ध है। १९७२ में उन्होंने शरीर त्याग दिया, लेकिन जो अनमोल ज्ञान वे अपने पीछे छोड़ गए हैं, उसका महत्व कभी खत्म नहीं हो सकता। पांडुरंग जी और उनके योगदान आज भी प्रासंगिक हैं। भारतीय विद्वानों की दुनिया उन्हें भुला नहीं सकती, जब भी भारतीय संस्कृति को लेकर कोई विवाद उठता है, तो पांडुरंग जी की रचनाओं से निकालकर उद्धरण दिए जाते हैं। आज चारों तरफ आंदोलनों की गूंज है, एक तरफ भ्रष्टाचार जारी है, तो दूसरी ओर भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन। इस स्थिति की कल्पना शायद पांडुरंग जी ने पहले ही कर ली थी, उन्होंने कहा था, भारतीय संविधान भारतीय संस्कृति के अनुरूप नहीं है, क्योंकि लोगों को अधिकार तो दिए गए हैं, लेकिन जिम्मेदारी नहीं दी गई। आज कौन उनकी इस बात से इनकार करेगा? भारत में लोगों को हर संभव अधिकार मिले हुए हैं, लेकिन लोग जिम्मेदारी उठाने को तैयार नहीं हैं, जिसकी वजह से समाज व देश में अनेक चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। आज भारत रत्न डॉ. पांडुरंग वामन काणे को याद करना तभी सार्थक होगा, जब हम भारत और भारतीयता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझेंगे। तभी हम अपने अधिकारों का सदुपयोग कर पाएंगे और यही पांडुरंग जी को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। धन्यवाद, जयहिन्द, जय भारत। (मेरे द्वारा लिखित इस वार्ता का प्रसारण मेरी ही आवाज में रेडियो स्टेशन जयपुर से पिछले वर्ष हुआ था।)

जिया, कैसे जीया?

पंखे से लटकने से पहले वह क्या सोच रही होगी? उसने यह क्यों मान लिया कि उसके लिए जिंदगी को खत्म कर लेना ही एकमात्र उपाय है? उसने अपने बाद आते और आगे बढ़ते अनेक अभिनेत्रियों को देखा। दुनिया शुरू से ऐसी ही है, कुछ लोग पीछे रह जाते हैं, कुछ लोग जहां के तहां और कुछ लोग आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन पीछे छूट जाने का मतलब यह कतई नहीं कि अपने आप को समाप्त कर लिया जाए। यह कौन-सी युवा पीढ़ी है, जो पीछे छूट जाने का मतलब मौत समझ बैठी है। युवा और बढ़ते वय में अगर मौत को गले लगाने को मन चाहे, तो फिर कहीं न कहीं समाज में कुछ गड़बड़ चल रही है, पड़ताल होनी चाहिए? गहरी पड़ताल, कि ऐसा क्यों हो रहा है, दिव्या भारती १९ की थी, कुलजीत रंधावा भी ज्यादा की नहीं थी, जिया खान २५ की थी? यानी जीवन के शुरुआत की उम्र। दिव्या भारती वाली पीढ़ी तो नशे के भी गिरफ्त में थी, लेकिन अब नई पीढ़ी पर नशा उस तरह से हावी नहीं है। नशा जितना होना चाहिए, उतना है, वो युवा मूर्खों में गिने जाएंगे, जो बेहिसाब नशा करते होंगे। आज की पीढ़ी तो जागरूक है, अंतरराष्ट्रीय पीढ़ी है। जिया खान भी अंतरराष्ट्रीय पीढ़ी की ही कलाकार थी, फिर ऐसा क्या हो गया कि उसने मौत को गले लगा लिया? बेशक, समाज में निराशा बढ़ी है, क्योंकि जीवन का संघर्ष निरंतर कड़ा होता जा रहा है। पल में आशा और पल में निराशा का ऐसा तांडव हर जगह नजर आता है कि हर कोई ना सही, लेकिन ज्यादातर लोग हताश हैं। अवसाद घेरने लगा है और यह भावना भी प्रबल हो रही है कि हमें क्या मिला? हमें तो बहुत कुछ मिलना चाहिए था, लेकिन नहीं मिला, शायद नहीं मिल सकेगा, इसलिए निराशा भरे कल का इंतजार क्यों किया जाए, अभी ही दुनिया से निकल लेते हैं? मतलब, इंतजार करने का संयम भी नहीं है। क्या मूर्ख हैं वो वैज्ञानिक जो बार-बार विफल होने के बावजूद लगे रहते हैं किसी आविष्कार में... कितना आसान है न, ऐसे सोचना, लेकिन मरना उतना ही मुश्किल है। बहुत मुश्किल से मरी होगी जिया खान, शायद पंखे से लटकने के बाद जीने की इच्छा हुई होगी, लेकिन मौका हाथ से निकल चुका होगा। कितनी अभिनेत्रियां हैं हमारे बॉलीवुड में, जिन्होंने अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार जैसे स्टारों के साथ काम किया है? कई लड़कियों के लिए ये तीन फिल्में और ये तीन स्टारों के साथ काम ही उम्र भर के लिए जरूरत से ज्यादा होगा। ये तीनों ही कलाकार भारतीय सिने इतिहास का हिस्सा हैं, इनके साथ १०-१५ मिनट रुपहला पर्दा साझा करने वाला कोई भी कलाकार खुद को धन्य ही मानेगा। लेकिन लगता है जिया खान ने खुद को ध्यन्य नहीं माना? क्योंकि और ज्यादा, बहुत ज्यादा पाने की चाहत थी। और बड़ा स्टार बनने की चाहत, दुनिया से और ज्यादा लेने की चाहत? दोस्तों से और ज्यादा प्यार पाने की चाहत? ये जो पाने की चाहत है, यह खतरनाक होती जा रही है। पाने की चाहत अपने आप में अच्छी बात है, लेकिन न पाने की आशंका भी तो हमेशा रहती है, जिंदगी केवल अच्छी संभावनाओं का ही नाम नहीं है, यह बुरी आशंकाओं का भी डेरा है। पहले की पीढ़ी दूसरों को देकर अपनी जिंदगी को आसान बनाती थी, अपनी जिंदगी को रंगीन बनाती थी, लेकिन अब जो पीढ़ी है, वह केवल लेने में विश्वास करने लगी है। पहले की पीढ़ी के लोग यह सपने देखते थे कि मां के लिए यह करूंगा, पिता के लिए यह करूंगा, दोस्तों के लिए यह करूंगा और देश के लिए यह करूंगा, लेकिन अब सोच बदल चुकी है। अब पिता से यह पूछा जाता है कि आपने हमारे लिए क्या किया? पैदा कर दिया और छोड़ दिया, हमारे लिए कितने प्लॉट आपने खरीदे, कितना बैंक बैलेंस छोड़ा, मां से पूछा जाता है, पाला-पोसा, तो क्या नई बात कर दी, ये तो पैदा किया, तो करना ही था। दोस्तों से भी यही उम्मीद रहती है कि सामने वाला महंगे से महंगा गिफ्ट दे, देश से यह उम्मीद रहती है कि देश सब कुछ नकद दे और बदले में कुछ न ले। यह एक खतरनाक सोच है। आज की पीढ़ी को यह सोचना चाहिए कि उसने दोस्तों को, माता-पिता को और समाज-देश को क्या दिया है? कोई युवा देश को बदलने के प्रयास में लगा है और कोई युवा अपनी जिंदगी को बदलने में विफल होने के बाद मौत को गले लगा ले रहा है? संभव है, देश की निराशाजनक भ्रष्ट व्यवस्था को बदलने में किसी युवा की जान चली जाए, ऐसे जान जाना ज्यादा बेहतर है, बजाय इसके कि कोई पंखे से अपने खुद के दुख के कारण लटक जाए। युवा पीढ़ी, जो आत्महत्या के अवगुण के करीब जा रही है, सुसाइडल सिंड्रोम की शिकार हो रही है, उसे यह सोचना चाहिए कि उसने दुनिया में आकर किसी को दिया क्या है? आशिकी और जिंदगी केवल लेने से नहीं बढ़ती, देने से भी बढ़ती है, जिया खान शायद यह भूल गई थी.. . लेकिन यह बात हम तो याद रखें।

Tuesday, 19 February 2013

दुखद बहस

प्रेस परिषद के अध्यक्ष पूर्व जस्टिस मार्कण्डेय काटजू का फिर एक बार गलत कारण से चर्चा में आना दुखद और अफसोसजनक है। जस्टिस काटजू को पत्रकारों और पत्रकारिता की भलाई के लिए जिम्मेदार बनाया गया है, लेकिन यदि वे राजनीति को प्रभावित करते दिख रहे हैं, तो जाहिर है, उनसे नाराज होने वालों की संख्या भी बढ़ेगी। लोकतंत्र तभी ढंग से काम करता है, जब हर आदमी अपनी जिम्मेदारी को ढंग से निभाता है। प्रेस परिषद का अध्यक्ष पद काफी गरिमामय और महत्वपूर्ण है, यहां से अगर कोई आवाज उठती है, तो उसे लोग गंभीरता से लेते हैं और इस आवाज को लोग प्रेस या मीडिया से जोड़कर भी देखते हैं। आज प्रेस के क्षेत्र में ऎसी कई समस्याएं हैं, प्रेस रिपोर्टिग को बाघित किया जा रहा है, प्रेस पर हमले हो रहे हैं, अखबारों को बंटने से रोकने तक की घटनाएं हुई हैं, पत्रकारों को विधानसभा कवरेज से भी रोका गया है। क्या प्रेस परिषद के अध्यक्ष को प्रेस से जुड़ी बड़ी समस्याओं तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए? यह एक बड़ा सवाल है। यह भी एक बहस का विषय है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना प्रेस परिषद के अध्यक्ष का विषय है या नहीं। यह भी एक विषय है कि प्रेस परिषद के अध्यक्ष को क्या यह शोभा देता है कि वे देश के 99 प्रतिशत लोगों को मूर्ख ठहराएं? प्रेस परिषद के अध्यक्ष को क्या यह शोभा देता है कि वे एक पोर्न स्टार का पक्ष लें? अगर गौर किया जाए, तो काटजू ने ऎसा काफी कुछ कहा है, जो उन्हें नहीं कहना चाहिए था। वे चर्चा में रहना चाहते हैं, तो रहें, लेकिन अच्छी वजहों से रहें, विवादों की वजह से नहीं। कोई गलती करे, तो वे मुखर होकर डांट दें, उसके पूरे ज्ञान को चुनौती दे डालें, पर उन्हें यह ध्यान रखना होगा कि उनका सम्मान न केवल न्यायपालिका, बल्कि प्रेस के सम्मान से भी जुड़ा है। उन्हें अक्खड़ता व अभद्रता का संकेत देने से भी बचना चाहिए। आज राजनीति कैसी है, राजनेता कैसे हैं, सब जानते हैं। उनसे जनता को शालीनता की हमेशा उम्मीद नहीं रहती है, राजनीति में तो मानो सब चलता है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली ने जिस तरह से काटजू पर हमला बोला, भाजपा जिस तरह से गुस्से में है, उसकी भी तारीफ कोई नहीं करेगा। किसी के द्वारा नरेन्द्र मोदी की आलोचना पर ऎसे बिफरना पार्टी को ही मुश्किल में डालेगा। पार्टी को नरमी से जवाब देना चाहिए, गुस्सा कोई जवाब नहीं है। किन्तु ज्यादा संयम काटजू को दिखाना चाहिए, वे तू-तू मैं-मैं में जितना ज्यादा फंसेंगे, स्वयं को उतना ही ज्यादा हास्यास्पद बनाएंगे। (For patrika edit)

Wednesday, 19 December 2012

दाग-ए-दिल्ली

हमारी राष्ट्रीय राजधानी अगर बलात्कार की राजधानी कहलाने लगी है, तो फिर इससे दुखद और चिंताजनक कोई बात हो नहीं सकती। राष्ट्रीय राजधानी का यह स्याह सच अब शर्म की हदें पार करने लगा है। निजी वाहनों में बलात्कार का दुस्साहस तो राजधानी ने पहले भी देखा है, लेकिन सार्वजनिक बस में एक पैरा-मेडिकल छात्रा से बलात्कार जघन्यतम अपराध की श्रेणी में कहा जाएगा, इतना ही नहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित यह बोल चुकी हैं कि महिलाएं रात के समय अकेले न निकलें, वह छात्रा तो अकेली भी नहीं थी, उसके पुरूष मित्र को बुरी तरह से घायल करके सामूहिक दुस्साहस को अंजाम दिया गया। छात्रा को हत्या की हद तक घायल करके बस से धकेल दिया गया, अब वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। राजधानी के अपराधी इतने दुस्साहसी कैसे हो गए हैं? क्या उन पर किसी का अंकुश नहीं है? कहां है पुलिस और क्या करती रहती है? दूसरे देशों में भी राजधानियां हैं, जिन्हें आदर्श बनाने पर पूरा जोर रहता है, ताकि देश के दूसरे शहरों को सबक मिले। दिल्ली को तो शायद दशक भर से न जाने क्या हो गया है, अपराघियों, बलात्कारियों और छेड़छाड़ करने वालों के दिल से डर ही खत्म हो गया है। यहां यह गिनाने की जरूरत नहीं कि राष्ट्रीय राजधानी में सर्वोच्च अदालत है, जनप्रतिनघियों की सर्वोच्च पंचायत है, सर्वोच्च अफसर और सर्वोच्च नेता और सर्वोच्च चिंतकों का जमघट रहता है, क्या देश के सर्वोच्च कर्णधारों की चिंता व जमघट का कुल निचोड़ यह है कि राजधानी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, दिल्ली उत्तरोत्तर बदनाम होती चली जा रही है। सबको सोचना होगा कि दिल्ली का सामाजिक, भावनात्मक ढांचा तार-तार क्यों हो गया है? संसद में सवालों का सामना करते हुए एक केन्द्रीय राज्यमंत्री की हंसी ने जवाब दे दिया कि सरकार गंभीर नहीं है। यह दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिए सबसे ज्यादा चिंता की बात है। किसी भी शहर में सभ्यता तभी जीवित रह सकती है, जब वहां मां-बहनें सुरक्षित हों। समाज के कर्णधारों को सोचना चाहिए कि हमें कंक्रीट के जंगल नहीं बनाने, हमें ऎसे शहर बनाने हैं, जहां लोग इज्जत से रह सकें, जहां कानून का राज हो, जहां लोग एक दूसरे की परवाह करें। चयन लोगों को करना है, कैसी सरकार चाहिए, कैसा शहर चाहिए। अगर हम इस अक्षम्य शोषण के सिलसिले को मिलजुलकर नहीं तोड़ेंगे, तो फिर सबको तैयार रहना चाहिए, क्योंकि दुनिया में किसी का भी समय हमेशा अच्छा नहीं रहता। - edit written by me for patrika and rajasthan patrika-

Monday, 10 December 2012

रोटियां कम सेंकिए

आप अपने घर में रोटियां कम सेंकिए, क्योंकि रोटियां सेंकने का काम तो राजनेताओं का है, हां, यह बात जरूर है कि उनकी राजनीतिक रोटियों से किसी का पेट नहीं भरता। सितम्बर महीने से अब तक अगर आप तीन सिलेंडर ले चुके हैं, तो सावधान हो जाइए, चौथा सिलेंडर आपको ३८८ रुपये की बजाय ८६५ रुपये का पड़ेगा। मैंने लिया है ८ दिसम्बर को ८६५ रुपये का सिलेंडर। गैर-रियायती सिलेंडर की कीमत रियायती सिलेंडर की कीमत से ४७७ रुपये ज्यादा है। केन्द्र सरकार के प्रवक्ता और सोनिया गांधी के भाषण लेखक जनार्दन द्विवेदी ने ताल ठोंककर सितम्बर में घोषणा की थी, ‘कांग्रेस की राज्य सरकारें अपनी ओर से ३ सिलेंडर रियायती देंगी, कांग्रेस शासित राज्यों की जनता को ९ सिलेंडर हर साल रियायती दर पर मिलेंगे, और भाजपा सरकारों को अगर जनता की चिंता हैं, तो वे भी अपनी ओर से अपने राज्य के लोगों को तीन सिलेंडर रियायती दें।’
गैर-रियायती सिलेंडर का रसीद, रियायती सिलेंडर का रसीद, दोनों कीमतों का अंतर ४७७ रुपये
द्विवेदी जी और कांग्रेस के दावे की हवा निकल चुकी है। राजस्थान के मुख्यमंत्री एकाधिक मौकों पर कह चुके हैं, ‘राजस्थान सरकार अपनी ओर से तीन रियायती सिलेंडर का वादा जरूर पूरा करेगी, चाहे इसके लिए केन्द्र से पैसा मिले या न मिले।’ गौर करने की बात है कि राजस्थान सरकार अगर अपनी ओर से तीन रियायती सिलेंडर देती है, तो उस पर लगभग ८०० करोड़ रुपये का भार आएगा। राजस्थान सरकार चाहती है कि यह भार केन्द्र सरकार उठाए, इसके लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रयास भी किए, लेकिन नाकाम रहे। राजस्थान में सितम्बर के बाद जिन लोगों ने भी चौथा सिलेंडर लिया है, सबको ८६५ रुपये चुकाने पड़े हैं। कहां है अशोक गहलोत का दावा? उन्होंने पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व की बात क्यों नहीं स्वीकारी? क्या यह अनुशासनहीनता नहीं है? क्या कांग्रेस का केन्द्रीय नेतृत्व अशोक गहलोत के खिलाफ कार्रवाई करेगा? क्या कांग्रेस के केन्द्रीय नेतृत्व ने देश की जनता और अशोक गहलोत ने राजस्थान की जनता को धोखा नहीं दिया है? हमारे नेता इतने बड़े-बड़े झूठे दावे क्यों करते हैं? क्या ये जनता को मूर्ख समझते हैं? संभव है, गुजरात में चुनाव के बाद केन्द्र सरकार रियायती सिलेंडरों की संख्या बढ़ा देगी। तब शायद हर साल ६ की बजाय ९ सिलेंडर मिला करेंगे, लेकिन जो लोग अभी गैर-रियायती सिलेंडर के लिए ४७७ या ५०० रुपये ज्यादा चुका रहे हैं, क्या उनके नुकसान की भरपाई सरकार करेगी?

Sunday, 9 December 2012

डॉ राजेन्द्र प्रसाद का जन्म स्थान

कुछ तर्स्वीरें, जीरादेई रेलवे स्टेशन, कुछ कमरे ठीक, तो कुछ कबाड़
ये खाट है जिस पर कभी गाँधी जी ने विश्राम किया था

Tuesday, 4 December 2012

क्षिप्रा स्नान या नर्मदा स्नान?

उज्जैन में रामघाट, क्षिप्रा नदी का मनोरम तट। हम जब वहां पहुंचे, तो शाम हो रही थी और झाल, मंजीरे, घंटियां बजने लगी थीं, आरती शुरू हो गई थी, नदी के पार भी आरती हो रही थी। सूर्य अस्ताचल में जा चुके थे, हल्की रात घिर रही थी, एक ऊंची जगह पर खड़े होकर मैं निहार रहा था, चारों ओर। यही वह पावन स्थान है, जो सदियों से सिंहस्थ कुंभ के केन्द्र में रहा है। यही वह जगह है, जहां करोड़ों तपस्वियों, महा-मानवों, ऋषियों ने स्नान किया होगा। न जाने कितनी पूजा हुई होगी, न जाने यहां कितना दान हुआ होगा। न जाने कितने लोग मिले होंगे और कुछ बिछड़ भी गए होंगे।
आरती की घंटियों के अनहद नाद के बीच समय तेजी से सरक रहा है, किन्तु अब क्षिप्रा नहीं सरक रही। सुना है, नर्मदा का जल अब क्षिप्रा के जल को सरकाएगा, क्षिप्रा में नर्मदा का जल बहेगा। . . .अब मध्य प्रदेश सरकार की योजना साकार हो गई है, नर्मदा जल क्षिप्रा में बहने लगा है। सिंहस्थ कुंभ २०१६ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नदी जोड़ की यह योजना क्या धार्मिक आधार पर सही है? जिन नदियों को जिन नदियों के साथ मिलना था, उन्हें ईश्वर ने स्वयं मिला दिया, किन्तु अब हम मानव नदियों को मिला रहे हैं। सरकारों को चाहिए था कि वे धर्म से जुड़ी तमाम नदियों को बचातीं, किन्तु उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्हें यही ज्यादा सहज लगा कि नदियों को नदियों से मिला दो, जो काम ईश्वर ने नहीं किया, वह हम कर रहे हैं, हमारी सरकारें कर रही हैं। तो अब क्षिप्रा में स्नान कीजिए और ध्यान रखिए कि उसमें वास्तव में नर्मदा जल बह रहा है। क्या कहेंगे क्षिप्रा स्नान या नर्मदा स्नान? सरकारों ने नहीं सोचा, आप सोचिए. . .